
सीधी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं आगामी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में स्थानांतरण नीति के तहत प्रस्तावों की तैयारी, मानसून पूर्व व्यवस्थाएं, पेयजल आपूर्ति, छात्र हितग्राही योजनाओं, जनकल्याण शिविरों के आयोजन, विद्यालयों एवं छात्रावासों की तैयारियों तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि राज्य शासन की स्थानांतरण नीति के अनुसार पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी प्रस्तावों को निर्धारित समय-सीमा में तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्ताव नियमानुसार एवं तथ्यों के आधार पर तैयार किए जाएं। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कलेक्टर ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालों एवं नालियों की साफ-सफाई अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही तालाबों, नालों एवं अन्य जल संरचनाओं के किनारे किए गए अतिक्रमणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे जल निकासी बाधित न हो और संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में पेयजल व्यवस्था एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। छात्र हितग्राही योजनाओं एवं अपार आईडी निर्माण अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे विद्यार्थियों, जिनके जाति प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बने हैं, उनके प्रमाण पत्र 30 जून तक अनिवार्य रूप से तैयार कराए जाएं।
००
गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने ‘‘कलेक्टर समाधान‘‘ कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
००००००००००
