नहर में डूबे सेना के जवान का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं: गुस्साए परिजनों ने रीवा-गोविंदगढ़ मार्ग किया जाम

रीवा। बिछिया थाना क्षेत्र की सिलपरा नहर में डूबे सेना के जवान का पांच दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। SDRF की लगातार सर्चिंग के बावजूद सफलता न मिलने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार दोपहर रीवा-गोविंदगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस के समझाने और जल्द खोज के आश्वासन पर जाम खोला गया।

सीधी जिले के बघवार निवासी गौरव द्विवेदी उर्फ सचिन सेना में पदस्थ थे। वे 3 जून को अपने भाई-बहनों के साथ सिलपरा नहर घूमने आए थे। इस दौरान नहाते समय गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद से ही पुलिस और SDRF की टीम खोजबीन में जुटी है।

स्थानीय SDRF के जवान कमांडर विकास पाण्डेय के नेतृत्व में पांच दिन से सर्चिंग कर रहे हैं। नहर का पानी भी बंद करा दिया गया है, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण जवान का पता नहीं चल पा रहा है। अब बनारस से डीप डाइवर टीम बुलाई गई है, जिनकी मदद से खोजबीन की जाएगी।

परिजनों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर घटना में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पांच दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। इसी गुस्से में रविवार को परिजन सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया।

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों को समझाइश दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने संवेदना प्रकट करते हुए जल्द से जल्द जवान को खोज निकालने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन मान गए और जाम खुल सका।

 

 

 

 

 

 

 

 

Next Post

सरपंच, सचिव व रोजगार सहायकों ने सौंपा ज्ञापन

Mon Jun 8 , 2026
दमोह। मप्र पंचायत सरपंच, सचिव व सहायक सचिव संगठन ने ग्राम पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों और शासकीय अमले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया.जनपद सीईओ के माध्यम से भारी संख्या में पहुंचे सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों ने नारेबाजी करते हुए एडीएम मीना मसराम को […]

You May Like