
सीधी । कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिहावल राजेश शुक्ला एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा सिहावल क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। संयुक्त दल ने ग्राम दुअरा स्थित सुरेश तिवारी तथा ग्राम लौआ स्थित सजन कुमार अग्रवाल के पक्ष में स्वीकृत एवं संचालित पत्थर खदानों की प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर एसडीएम राजेश शुक्ला ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी को खदान क्षेत्रों की पैमाइश कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जांच अभियान के दौरान ग्राम चमरौहा, तहसील सिहावल क्षेत्र में एक बिना नंबर की हाइवा वाहन (चेसिस क्रमांक एमएटी567005 एस3सी08101) को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक महेश कुमार पटेल, निवासी ग्राम घुरेहटा, पोस्ट मऊगंज, परिवहन संबंधी कोई वैध अनुमति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर वाहन को नियमानुसार जब्त कर थाना अमिलिया की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं बिना नंबर वाहन से खनिज परिवहन किए जाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पृथक से पत्र प्रेषित किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खदान संचालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिला टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
