
परासिया। पर्यावरण संरक्षण एवं वन्य जीवों के हित में कोयलांचल के पत्रकारों द्वारा एक अभिनव पहल की गई। रविवार, 7 जून 2026 को प्रातः 10 बजे मयूर वन, परासिया में वृहद फलदार वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के सबसे घने वन क्षेत्र मयूर वन में फलदार वृक्षों का रोपण कर वन्य प्राणियों के लिए भोजन एवं आश्रय की व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। वर्तमान में इस वन क्षेत्र में फलदार वृक्षों की कमी को देखते हुए यह पहल की जा रही है। साथ ही, इस अभियान के माध्यम से “पत्रकार वाटिका” के नाम से एक विशेष फलदार वृक्ष क्षेत्र विकसित करने का प्रयास भी किया जाएगा।
पत्रकार समाज का वह वर्ग है जो निरंतर जनहित और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहता है। जिस प्रकार फलदार वृक्ष स्वयं धूप, वर्षा और विपरीत परिस्थितियों को सहकर दूसरों को फल प्रदान करते हैं, उसी प्रकार पत्रकार भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करते हैं। यह वृक्षारोपण अभियान उसी सेवा, समर्पण और प्रकृति प्रेम का प्रतीक है।
आयोजन में पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।
