टिहरी, 07 जून (वार्ता) उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौड़ियाला के समीप रविवार को एक बस के पलट जाने से आठ लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ तथा 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस ऋषिकेश की ओर जा रही थी। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। हादसे में आठ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत दलों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई। प्रशासन ने घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
