सतना :उच्च शिक्षा में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए छात्रावासों की जमीनी हकीकत सवालों के घेरे में है. शहर के शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में वर्ष 2018 में तैयार हुआ बालिका छात्रावास आज भी संचालन की मंजूरी का इंतजार कर रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार महाविद्यालय परिसर में निर्मित यह छात्रावास वर्ष 2018 में बनाया गया था निर्माण पूर्ण होने के बाद उम्मीद थी कि जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. लेकिन समय बीतता गया और छात्रावास का संचालन शुरू नहीं हो पाया.
इस संदर्भ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश चंद्र राय ने बताया कि छात्रावास संचालन के लिए कॉलेज की ओर से शासन स्तर पर आवश्यक आवेदन और पत्राचार भेजे गये हैं इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने अपने स्तर पर प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित प्रस्ताव भेजे लेकिन अब तक संचालन की स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है.
गौरतलब है कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से अध्ययन के लिए पहुंचती हैं. ऐसे में छात्रावास शुरू होने पर उन्हें आवास संबंधी सुविधा मिल सकती है. वर्तमान में कई छात्राओं को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर कॉलेज आना पड़ता है .छात्रावास के संचालन में हो रही देरी के कारण वर्षों से इसका अपेक्षित लाभ छात्राओं तक नहीं पहुंच पा रहा है.
