
जावरा। हुसैन टेकरी से 6 माह के मासूम के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने राजस्थान के एक संगठित गिरोह से जुड़े दो वयस्क आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार फरियादी साहिल अपने परिवार के साथ हुसैन टेकरी क्षेत्र में ठहरा हुआ था। 4-5 जून की रात वह परिजनों के साथ एक दुकान के बाहर सो रहा था। सुबह करीब 4.30 बजे उसकी नींद खुली तो 6 माह का पुत्र सयान गायब मिला। वहीं पास में सो रहे एक अज्ञात महिला, पुरुष और बच्चा भी वहां से लापता थे। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके मूवमेंट को ट्रैक किया। आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिलने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया तथा मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के झालावाड़ निवासी निजाम मंसूरी, रुपाबाई तथा एक किशोर शामिल है। पुलिस अब आरोपियों से अपहरण के उद्देश्य, संभावित मानव तस्करी नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में जावरा पुलिस, सीसीटीवी शाखा और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संदिग्धों की मूवमेंट को ट्रैक कर पुलिस ने पकड़ा गिरोह
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके मूवमेंट को ट्रैक किया। आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिलने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया तथा मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
