अज्ञात युवती का जला शव मिलने से दहशत

सीधी। जिले के बहरी थानांतर्गत मुगल चौराहा से 200 मीटर दूर दुअरा कला में आज सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात युवती का जला हुआ शव मिलने से समूचे इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात युवती का शव मिलने की जानकारी मिलते ही लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर सडक़ किनारे पड़े एक गंभीर रूप से जले हुए शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बहरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। घटनास्थल का नजारा देखकर ऐसा आभाष हो रहा था कि आरोपियों द्वारा युवती की पहचान मिटाने का अपनी तरफ से भरपूर प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर सुरक्षा घेरा बनाया गया। 200 मीटर के दायरे में किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम को बुलाया गया जिससे मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्यों को एकत्र किया जा सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली एवं विवेचना में लगे पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं घटनास्थल पर डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी बनाई गई। वहीं पुलिस आसपास के क्षेत्रों में अज्ञात मृतक युवती की पहचान संबंधी जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पहचान और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

इनका कहना है

अज्ञात महिला का जला शव मिला है जिसको शिनाख्त कराने की कार्रवाई पूरी तेजी के साथ की जा रही है। घटना की विवेचना वरिष्ट अधिकारियों के निर्देशन में चल रही है।

राजेश पाण्डेय, थाना प्रभारी बहरी

Next Post

एसेक्स फार्म्स ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को 9 विकेट से पीटा

Sat Jun 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 जून (वार्ता) एसेक्स फार्म्स ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप-बी लीग मुकाबले में प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को शनिवार को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी एसेक्स फार्म्स की […]

You May Like