बेंगलुरु | कर्नाटक सरकार ने राज्य के सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है। अब सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सुबह 10 बजे तक कार्यालय पहुंचना अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, अब राज्य के सभी कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति दर्ज करने के लिए ‘कर्तव्य’ मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा।
एआई-आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम
ई-गवर्नेंस विभाग द्वारा विकसित इस उन्नत एआई-आधारित सिस्टम के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। यह सिस्टम उन कर्मचारियों की रिपोर्ट स्वतः तैयार करेगा जो निर्धारित समय तक हाजिरी नहीं लगाएंगे। यह रिपोर्ट सीधे संबंधित विभागों के प्रमुखों को भेजी जाएगी, ताकि अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके। यह पहल प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए की गई है।
फील्ड ड्यूटी के लिए विशेष प्रावधान
सरकार ने फील्ड ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारियों के लिए ऐप में ‘आउट ऑफ ऑफिस ड्यूटी’ (ओओडी) का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। फील्ड पर तैनात अधिकारियों की हाजिरी की पुष्टि उनके सुपरवाइजरी अधिकारियों द्वारा की जाएगी। विभाग प्रमुखों को रोजाना डैशबोर्ड के जरिए हाजिरी रिपोर्ट की समीक्षा करनी होगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

