गंभीर जल संकट का सामना कर रहे नंदन नगर के रहवासी

इंदौर:धार रोड स्थित चंदन नगर मुख्य मार्ग से करीब एक किलोमीटर अंदर नंदन नगर में जल संकट विकराल रूप ले चुका है. दूषित पेयजल आपूर्ति और सूख चुके सरकारी बोरिंगों ने रहवासियों की परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं.शहर में बेहतर जलापूर्ति के दावों के बीच वार्ड क्रमांक 3 की नंदन नगर गली नंबर 3 के रहवासी गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं. क्षेत्रवासियों के अनुसार, नर्मदा जल योजना की पाइप लाइन बिछी होने के बावजूद घरों तक पहुंच रहा पानी दूषित और उपयोग के लिए अनुपयुक्त है, जिससे लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं.

वहीं क्षेत्र में मौजूद सरकारी बोरिंग भी भीषण गर्मी के कारण पूरी तरह सूख चुके हैं, जिससे पेयजल का संकट और गहरा गया है. हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को करीब दो किलोमीटर दूर अन्य क्षेत्रों से हाथ ठेलों पर पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं. बताया जाता है कि नगर निगम के टैंकर नियमित रूप से क्षेत्र में नहीं पहुंचते. शिकायत के बाद ही दो-तीन दिन में कभी-कभार टैंकर भेजा जाता है. क्षेत्रवासियों ने स्थानीय पार्षद से मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

यह बोले रहवासी

पानी की किल्लत बेहद बढ़ चुकी है, जब पार्षद को शिकायत करो तो दो-दिन बाद पानी आता है और एक ड्रम पानी मिलता है. तीन दिन में एक ड्रम पानी कैसे पूरेगा.
– नवेद खान

नर्मदा लाइन से गंदा पानी आता है, जो पी नहीं सकते. पार्षद को खबर पहुंचाई फिर भी पानी का टैंकर क्षेत्र में नहीं आया. हर दिन पानी के लिए भटकना पड़ता है.
– शकीला बी

सरकारी बोरिंग पूरी तरह से सूख चुके हैं. क्षेत्र में नगर निगम का टैंकर भी नहीं आ रहा. जरूरत के पानी के लिए दूर-दूर के क्षेत्रों में जाकर भटकना पड़ता है.
– जरीना बी

शिकायत आने पर टैंकर पहुंचा देती हूं

जब भी मेरे पास शिकायत आती है, मैं टैंकर पहुंचा देती हूं. पूरी कोशिश है कि लोगों को पानी की आपूर्ति होती रहे. जन समस्याओं के लिए मैं खुद वहां जाकर लोगों से मिलूंगी.
– शिखा दुबे, पार्षद

Next Post

सुबह 6 बजे चला बुलडोजर: ग्लोबल स्किल पार्क के सामने से हटा अतिक्रमण, सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ

Sat Jun 6 , 2026
भोपाल । राजधानी के गोविंदपुरा नजूल वृत्त में आज शनिवार सुबह लगभग 6 बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, यह कार्रवाई वृत्त के नरेला संकरी क्षेत्र ग्लोबल स्किल पार्क के सामने मुख्य मार्ग पर बनी दुकानें शासकीय भूमि से हटाई जा रही है यहां की सड़क का […]

You May Like