
सिंगरौली । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस सिंगरौली द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4-5 जून की मध्यरात्रि को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर औचक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 8 भारी वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराने ट्रैफिक तिराहे पर अलग-अलग टीमों का गठन कर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 57 वाहनों की जांच की गई तथा चालकों को यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से चालक का मानसिक संतुलन प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। चेकिंग के दौरान 6 ट्रक एवं 2 ट्रेलर सहित कुल 8 वाहनों के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा दो वाहनों पर कुल 22 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जबकि शेष मामलों का निराकरण आगामी दिनों में किया जाएगा।
शराबी चालको के लाइसेंस भी होंगे निलंबित
यातायात पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। वर्ष 2025 में चलाए गए विशेष अभियान के कारण सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। पुलिस का मानना है कि कड़ी कार्रवाई और जागरूकता दोनों के माध्यम से सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार सभी दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छ: माह के लिए निलंबित कराने का प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
