
आलीराजपुर। जिले में नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक श्रीमती सेना पटेल एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने आलीराजपुर नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्लांट में जल शोधन (वाटर ट्रीटमेंट) की संपूर्ण प्रक्रिया का गहन अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने स्वयं जल की गुणवत्ता का परीक्षण परिसर में स्थित लैबोरेटरी में जांच कर किया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में नागरिकों तक अशुद्ध या दूषित पानी का वितरण न होने पाए। साथ ही उन्होंने पेयजल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा जल गुणवत्ता की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम,एडीएम श्री सोहन कनास, एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री तपीस पांडे, नगर पालिका परिषद आलीराजपुर सीएमओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
