युवक ने मचाया उत्पात, घर पर की पत्थरबाजी और बाइकों में तोड़फोड़

इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली महिला के घर पर पत्थरबाजी कर दी और बाहर खड़ी बाइकों में तोड़फोड़ की. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.घटना कल दोपहर की है, जब क्षेत्र में रहने वाला युवक लक्की जाटव अचानक विवाद के बाद उग्र हो गया. उसने पड़ोस में रहने वाली महिला के घर पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया और बाहर खड़ी बाइकों में भी तोड़फोड़ की. घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकलीं.

घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले में सामान्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. राधा नाम की महिला जूते-चप्पल की दुकान संचालित करती है. वह घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी. इसी दौरान उसकी बेटी से हुई बातचीत को लेकर गलतफहमी हो गई. आरोप है कि आरोपी की मां को लगा कि महिला उसके बारे में टिप्पणी कर रही है, जिसके बाद उसने अपने बेटे को बताया. इसके बाद युवक लक्की जाटव घर से बाहर आया और विवाद करते हुए पत्थरबाजी व तोड़फोड़ शुरू कर दी. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बाइकों को नुकसान पहुंचाते और घर की ओर पत्थर फेंकते नजर आ रहा है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

Next Post

वाहन चोरी गैंग का भंडाफोड़, नाबालिग सहित गिरोह पर कार्रवाई

Wed Jun 3 , 2026
इंदौर:वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए तुकोगंज पुलिस ने एक नाबालिग वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. आरोपी लॉक तोड़कर डायरेक्ट वायरिंग से गाड़ियां चुराता था और शहर के कई थाना क्षेत्रों में वारदात कबूल की है.शहर में […]

You May Like