
इंदौर. चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मृतक के भाई ने जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग दोहराई है.
मृतक के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से बार-बार तारीखें मिल रही हैं, जबकि परिवार लंबे समय से मामले की निष्पक्ष जांच चाहता है. उनका आरोप है कि आरोपी की जमानत याचिका पर अब तक करीब 10 बार सुनवाई टल चुकी है.
उन्होंने बताया कि आज ही के दिन उनके भाई का शव शिलॉग में मिला था. इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आरोपी बाहर है और परिवार न्याय के लिए भटक रहा है. विपिन के अनुसार सोनम की जमानत याचिका पर फिर सुनवाई होना है और उन्हें उम्मीद है कि अदालत से उसे राहत नहीं मिलेगी. उन्होंने कहा कि परिवार ने शुरू से ही सीबीआई जांच की मांग की, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया.
उन्होंने भोपाल के ट्विशा शर्मा केस का उदाहरण देते हुए कहा कि कई मामलों में परिजनों की मांग पर सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमार्टम तक कराया जाता है, लेकिन उनके भाई के मामले में ऐसा नहीं हुआ. विपिन रघुवंशी का कहना है कि यदि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाती तो कई अहम तथ्य सामने आ सकते थे. फिलहाल मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है और अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.
