इंदौर:शहर में लगातार हो रही पेड़ों की कटाई और हरियाली के नुकसान के विरोध में रविवार को पर्यावरण प्रेमी नागरिकों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का शुभारंभ शनि धाम संस्थान के महामंडलेश्वर परम पूज्य दादू महाराज गजासीन के करकमलों से हुआ.इस अवसर पर नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर कट चुके बगीचों और पेड़ों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहर की हरियाली बचाने का संकल्प लिया.
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों ने मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और ज्ञापन का वाचन किया. ज्ञापन में शहर की पर्यावरणीय शुचिता, पर्यावरण सुरक्षा तथा सुनियोजित एवं संतुलित विकास की मांग की गई. ज्ञापन की प्रतियां जिलाधीश, नगर निगम आयुक्त तथा इंदौर जिला पंचायत को प्रेषित की जाएंगी. कार्यक्रम में अभय जैन, संदीप खानवलकर, डॉ. सुभाष बारोट, डॉ. शंकरलाल गर्ग, डॉ. ओ.पी. जोशी, डॉ. दिलीप वाघेला, शेखर गिरी, गोलाने जी, इंटक अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी, कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति की सहभागिता रही.
जनजागरण अभियान चलाया
इस दौरान संस्था जीवन प्रवाह द्वारा राजबाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा परिसर में जनजागरण अभियान चलाया गया। “एक तुलसी, दो पेड़” अभियान के अंतर्गत तुलसी के पौधे वितरित किए गए। साथ ही पक्षियों के संरक्षण के लिए दाना पैकेट और प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश देते हुए कपड़े की थैलियां भी बांटी गईं। अभियान के तहत कुल 1100 किट वितरित की गईं।
