जबलपुर: घमापुर में घर में बच्चों के मोबाइल गेम खेलने के दौरान आई एक अज्ञात लिंक ने एक ही परिवार के तीन बैंक खातों को पूरी तरह से खंगाल दिया। शातिर साइबर ठगों ने किश्तों में कुल 4,31,288 रुपये पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शीतलामाई रोड घमापुर निवासी सौरभ शर्मा (47) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उनके बड़े भाई सिरीश शर्मा का मोबाइल घर पर रखा हुआ था। 24 मई को घर के बच्चे उस मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। इसी दौरान स्क्रीन पर कोई अज्ञात लिंक आई, जिसे बच्चों ने अनजाने में क्लिक कर दिया। इस एक क्लिक से मोबाइल हैक हो गया और ठगों को बैंक खातों का एक्सेस मिल गया। पीड़ित के भाई का मोबाइल नंबर तीन अलग-अलग बैंक खातों से लिंक था।
जब खातों से पैसे कटने के मैसेज लगातार आने शुरू हुए, तब परिवार के होश उड़ गए। अज्ञात जालसाज ने चालाकी से कुल 4,31,288 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, जहां यह रकम ट्रांसफर की गई है।
