
भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में रात के समय घुसकर उसके पति के दो दोस्तों ने छेड़खानी कर दी. आरोपियों ने इस दौरान महिला के गले से मंगलसूत्र भी झपटकर लिया और मौके से फरार हो गए. महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय महिला इलाके में एक झुग्गी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती है. पीड़िता का आरोप है कि सूरज और रंजीत नाम के आरोपी उसके पति के दोस्त हैं. महिला का पति शराब पीने का आदी है. रविवार को देर रात शराब के नशे में आरोपी उसके पति को घर छोड़ने के लिए आए थे. महिला ने सभी को घर के अंदर तक आने दिया. महिला का आरोप है कि जब वह रसोई में गई. उसी समय पति के दोनों दोस्त उसके पीछे आए और छेड़खानी करने लगे. महिला ने जब इसका विरोध किया और पडोसियों को आवाज लगाई. इस दौरान दोनों ही आरोपियों ने महिला के गले में पहने मंगलसूत्र को झपट लिया. महिला की आवाज सुनकर जबतक लोग पहुंचे आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता इसके बाद देर रात को थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है. पीड़ित महिला लोगों के घरों में जा कर साफ-सफाई का काम करती है.
