
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान ने आज सोमवार को विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन में 50 और 100 दिनों से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग उपायुक्त एवं कार्यपालन यंत्री द्वारा की जाएगी। साथ ही राजस्व वसूली की प्रगति को गति देने के लिए प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा किए जाने की बात कही। वार्ड प्रभारियों के कार्यों का व्यक्तिगत मूल्यांकन भी किया जाएगा। जल संरक्षण को लेकर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों में शत-प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली लागू कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम कार्यालय परिसर में आगंतुकों की सुविधा के लिए दो महिला एवं दो पुरुष शौचालयों का शीघ्र निर्माण कराने को भी कहा। वहीं बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को संबंधित पोर्टल पर दर्ज करें। बैठक में उपायुक्त आरपी बैस, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, लेखाधिकारी अनुपम दुबे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
