बंद कर दिये दुकान, नहीं गये मीट मार्केट

सीधी । मीट मार्केट में जाने की बजाय दुकान बंद कर दिये। खुले में मांस बिक्री को लेकर एक बार फिर आज कलेक्टर के आदेश के पालन में मीट-मटन दुकानदारों को मीट मार्केट शिफ्ट कराने गए नपा अमले को दुकानें बंद मिली।

गौरतलब है कि शहर में खुले में चिकन बिक्री को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर 1 जून 2026 से मीट मार्केट में ही कारोबार करने का अल्टीमेटम कलेक्टर द्वारा निरीक्षण के बाद दिया गया था। कलेक्टर ने खुले में चिकन बिक्री की स्थिति का अवलोकन करने के पश्चात खुले में चिकन बिक्री पर प्रशासन का सख्त रुख सामने रखा। शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जिसकी शहरवासी प्रशंसा कर रहे हैं। दरअसल मीट कारोबारियों की मनमानी से शहरवासी लम्बे अर्से से त्रस्त थे। मीट कारोबार से समूचे इलाके में भारी प्रदूषण एवं बदबू की स्थिति हर समय निर्मित रहती थी। अब शहरवासियों की अपेक्षा है कि बाजार क्षेत्र में किसी भी तरह मीट का कारोबार खुले में ना हो, यह कारोबार मीट मार्केट से ही शहर में संचालित हो।

बंद दुकानों से फिर शुरु होगा चोरी छिपे मीट बिक्री का खेल

शहर के बाजार क्षेत्र में मीट के कारोबार को बंद कराने और मीट मार्केट से कारोबार संचालित करने की पहल पूर्व में भी प्रशासन द्वारा की गई थी। उस दौरान भी कारोबारियों द्वारा दिखावे के लिये अपनी दुकानों का शटर गिरा दिया गया था और आसपास से मीट की बिक्री की जाती थी। बाद में प्रशासनिक शिथिलता होने पर उनके द्वारा फिर से अपनी दुकान से ही कारोबार शुरू कर दिया जाता था। इस बार भी बंद दुकानों की आड़ में चोरी छिपे मीट बिक्री का खेल शुरू होगा, जिस पर प्रशासन को सख्त नजर रखने की जरूरत है।

बंद शीशे के अंदर मीट बिक्री करने के किये जायेंगे खोखले दावे

मीट कारोबारियों द्वारा सालों से खोखले दावे किये जाते रहे हैं कि दुकान के बाहर शीशा लगाकर अंदर से मीट बिक्री की जावेगी। यह दावे हमेशा हकीकत से दूर रहे हैं। बंद शीशे के अंदर से मीट बिक्री का खोखला दावा करने के बाद कारोबारी खुले में अपना पूरा कारोबार संचालित कर रहे थे। शहरवासियों की मंशा के अनुसार नगरपालिका द्वारा लाखों की लागत से सर्व सुविधायुक्त मीट मार्केट का निर्माण कराया गया है। नियमानुसार मीट मार्केट से ही मीट का पूरा कारोबार संचालित होना चाहिये।

छूट मिली तो निगरानी के अभाव में हमेशा की तरह सडक़ में होगी बिक्री

प्रशासन द्वारा जिस सख्ती के साथ आज 1 जून से बाजार क्षेत्र एवं खुले में मीट बिक्री के कारोबार को बंद कराया गया है, वही सख्ती आगे भी बरकरार रखने की जरूरत है। यदि निगरानी में किसी भी तरह की शिथिलता दी गई तो पूर्व की तरह फिर से कारोबारी बाजार क्षेत्र से ही मीट का कारोबार संचालित करना शुरू कर देंगे। कारोबारियों की मनमानी यह थी कि उनके द्वारा शहर के मुख्य मार्गों के किनारे ठेलों एवं गोमतियों में मीट का कारोबार सब्जी की तरह संचालित किया जा रहा था।

व्यवसाय बदल देंगें, नही जायेंगे मीट मार्केट

लालता चौक में प्रतिबंधित के बावजूद मीट मटन की खुलेआम खुले में बिक्री करने वाले लालता चौक के मीट-मटन दुकानदारों के बीच हो रही चर्चा को यदि सही माना जाये तो उनका स्पष्ट कहना है कि मीट मार्केट में मीट-मटन को स्टोर करने सहित पर्याप्त व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नही है। इसलिए हम यहीं प्रशासन की शर्तों के साथ बंद शीशे के अंदर अपने व्यवसाय करेंगे। शर्तों का उलंघन करने वालों पर प्रशासन जो भी कार्यवाही करेगा हमें मंजूर है। लेकिन हम लोग मीट मार्केट नही जायेंगे, फिर चाहे हमें अपना व्यवसाय ही क्यों ना बदलना पड़े।

इनका कहना है

बाजार क्षेत्र में संचालित सभी मीट दुकानें आज 1 जून से नहीं खुलेंगी इसकी पूर्व सूचना जारी की गई थी। नगर पालिका की टीम को निरीक्षण के दौरान लालता चौक क्षेत्र में संचालित मीट दुकानें आज बंद मिली हैं। यह अवश्य है कि मीट मार्केट में दुकानों का विस्थापन नहीं किया गया है। किन्तु अब बाजार क्षेत्र में कोई भी मीट दुकान संचालित नहीं होगी। इसके लिये सतत निरीक्षण चलेगा।

प्रिया पाठक, डिप्टी कलेक्टर सह सीएमओ नपा सीधी

Next Post

लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी मामला: एसटीएफ पांच गुर्गों को जेल से रिमांड पर लेकर भोपाल ले गई

Mon Jun 1 , 2026
इंदौर। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर बिल्डरों और नामी लोगों को धमकी देने के मामले में एसटीएफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को जेल से रिमांड पर लेकर भोपाल ले गई है. आरोपियों से अब प्रदेशभर में हुई वारदातों को लेकर पूछताछ की जाएगी. मामले में प्रदेश के […]

You May Like