आईएईए के विशेषज्ञों ने जापोरिज्जिया परमाणु उर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया: रूस

मास्को, 31 मई (वार्ता) वियना में अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए रूस के दूत मिखाइल उल्यानोव ने रविवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के विशेषज्ञों ने जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई छह में हुए नुकसान का निरीक्षण किया है। यह नुकसान 30 मई को यूक्रेन के कथित ड्रोन हमले के बाद हुआ था।

श्री उल्यानोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस निरीक्षण की जानकारी साझा करते हुए वहां की तस्वीरें भी जारी कीं। रूस की सरकारी परमाणु निगम ‘रोसाटॉम’ के अनुसार, एक लड़ाकू ड्रोन इकाई छह के टरबाइन हॉल से टकराकर विस्फोट कर गया था। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही मुख्य उपकरणों को कोई गंभीर नुकसान पहुंचा है।

आईएईए के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि परमाणु केंद्रों पर किसी भी तरह के हमले से बड़े सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकते हैं।

यूरोप के इस सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर सुरक्षा खतरों को लेकर रूस और यूक्रेन एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं, जिसके कारण यह वैश्विक निगरानी में है। आईएईए की टीम लगातार यहां के हालातों पर नजर बनाए हुए है।

इसके अलावा, रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस के कई अन्य क्षेत्रों में ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। रूस के सारातोव क्षेत्र के गवर्नर रोमन बुसरगिन ने बताया कि रात में हुए हमलों में नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेनी सेना ने सारातोव तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने की पुष्टि की है, लेकिन जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर हमले से इनकार किया है।

रूस के कीरोव क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर सोकोलोव ने बताया कि ड्रोनों ने उरझुमस्की जिले में एक केंद्र पर हमला किया, जबकि यूक्रेनी सेना ने भी लाज़ारेवो तेल-पंपिंग स्टेशन पर हमले की बात कबूली है। रोस्तोव, वोरोनिश और बेलगोरोद क्षेत्रों में भी ड्रोन हमले देखे गए, जिनमें बेलगोरोद में कुछ लोग घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रीमिया में रूसी अधिकारियों ने बिना कोई कारण बताए पेट्रोल की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि देश को जर्मनी से एक नया आईआरआएस-टी हवाई रक्षा मिसाइल लॉन्चर मिला है। उन्होंने पश्चिमी सहयोगी देशों से अतिरिक्त हवाई सुरक्षा सहायता देने की अपनी मांग को फिर दोहराया है।

 

 

Next Post

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पकड़ा गया बदमाश 

Sun May 31 , 2026
जबलपुर । अपराधों के रोकथाम हेतु जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में कॉम्बिंग गश्त की गई जिसमें वर्ष 2018 से फरार आरोपी सौरभ पटेल 28 वर्ष निवासी भमकी शाहपुर मढ़ई थाना रांझी जबलपुर को गिरफ्तार कर पेश किया गया। इसके अलावा 16 अन्य निगरानी शुदा बदमाशों के वारंत […]

You May Like