भीमकुंड में मिले अज्ञात शव की हुई पहचान, सागर निवासी ट्रक चालक निकला मृतक

छतरपुर। बक्सवाहा क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल भीमकुंड में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान राजेश यादव (36) निवासी रहली, जिला सागर के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व भीमकुंड में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची थी। बक्सवाहा तहसीलदार भरत पांडेय तथा बाजना थाना पुलिस की मौजूदगी में एनडीआरएफ टीम द्वारा विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। भीमकुंड की अत्यधिक गहराई के कारण शव को बाहर निकालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा, लेकिन लंबे प्रयास के बाद टीम ने शव को बाहर निकाल लिया।

शव की पहचान नहीं होने के कारण उसे बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया था। बाद में समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन बक्सवाहा पहुंचे और शव की पहचान राजेश यादव के रूप में की।

परिजनों के अनुसार राजेश यादव पेशे से ट्रक चालक थे और सागर क्षेत्र में वाहन चलाने का कार्य करते थे। उनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। भीमकुंड में हुई इस दुखद घटना से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Next Post

कांग्रेस को झटका: वार्ड 11 की पार्षद हरिता पाल समेत कई नेता भाजपा में शामिल

Sat May 30 , 2026
सारनी। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद हरिता पाल, पूर्व पार्षद शांति पाल, सतीश पटेल सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा मंडल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश […]

You May Like