सिंगरौली : कोतवाली पुलिस बैढ़न ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 138 लीटर बीयर जप्त की है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर जायका होटल के पास रेड कार्रवाई की। रेड के दौरान पुलिस को बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 53 सीए 1351 संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। वाहन लॉक था और मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने तलाशी लेने पर बोलेरो के पीछे 12 पेटियों में बीयर रखी हुई पाई।
जांच में 11 पेटियों में 24-24 केन और एक पेटी में 12 केन बीयर मिली। कुल 276 केन यानी 138 लीटर बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 33 हजार 120 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और वाहन को जप्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 34(2)आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, उप निरीक्षक उदयचंद करिहार, सउनि मुनींद्र देव पाण्डेय, प्रआर रवि सिंह, सतीश बागरी और आशीष त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।
