भद्रकाली तिराहे के पास भीषण हादसा, चालक समेत दो की मौत

ऋषिकेश, 29 मई, (वार्ता) उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार प्रातः भद्रकाली तिराहे से आगे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक डंपर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क पर लगे दो कंक्रीट डिवाइडर भी उखड़कर पास स्थित एक झोपड़ी पर जा गिरे, जिससे वहां रह रही महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे जा गिरा। दुर्घटना की चपेट में आने से चालक की भी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था।

पुलिस ने मृतकों की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर (हरिद्वार) तथा कौशल्या (42 वर्ष) पत्नी सुरेश, निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

 

Next Post

विधायक क्रिकेट प्रीमियर लीग: अंतिम दौर में पहुंचने के लिए ताबड़तोड़ छक्के

Fri May 29 , 2026
ग्वालियर: जन उत्थान न्यास के तत्वाधान में हो रहे विधायक प्रीमियर लीग 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के आज 6 मैच देर रात तक खेल मैदान में खेले गये। वार्डों की टीमें मैच जीतने के लिए ताबड़तोड़ छक्के लगा रही हैं और अंतिम दौर में पहुंच रहीं हैं।पहला मैच […]

You May Like