नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) और एडसिल (इंडिया) ने समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।
सेल केंद्रीय इस्पात मंत्रालय के अधीनस्थ महारत्न कंपनी है जबकि एडसिल शिक्षा मंत्रालय के तहत सार्वजनिक क्षेत्र की उपक्रम है। इस समझौते के तहत सेल के परिचालन क्षेत्रों के आसपास स्थित स्कूलों में ‘स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम्स’ स्थापित किये जाएंगे। इसके लिए सेल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से पैसा दिया जायेगा।
इस्पात मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस सहयोग का उद्देश्य समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना और शिक्षा के परिणामों को और आगे बढ़ाना है। यह परियोजना सीधे तौर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-4 (एसडीजी-4) के उद्देश्यों के अनुरूप है। परियोजना में अन्य बातों के साथ-साथ सभी के लिए समावेशी, न्यायसंगत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सीखने के अवसर सुनिश्चित किये जायेंगे।
समझौता ज्ञापन पर सेल के निदेशक (कार्मिक) के.के. सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को हस्ताक्षर किये गये। इस अवसर पर सेल और एडसिल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
