छतरपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोरवा में एक मूकबधिर युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पूरन अहिरवार देर रात अपने खेत की रखवाली कर रहा था, तभी अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।
घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 ने घायल युवक को तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। युवक की हालत को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
परिजनों ने शुक्रवार 3 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे जिला अस्पताल में घटना की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
