गोयल कनाडा यात्रा के दूसरे दिन बड़े निवेशकों से मिले, व्यापार मंत्री सिद्धू के साथ एक और बैठक की

नयी दिल्ली/ टोरंटो, 27 मई (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी कनाडा यात्रा के दौरान टोरंटो में कनाडा के व्यापार मंत्री के साथ एक और बैठक करने के साथ वहां के उद्याेग जगत के वरिष्ठ लोगों और संस्थागत निवेशकों के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं जिनका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना और कार्यनीतिक सेक्टरों में निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ावा देना था।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री गोयल ने कनाडा के स्थानीय समय के अनुसार मंगलवार को यात्रा की शुरुआत भारत-कनाडा संबंध-सेतु निर्माण विषय पर संबोधन से किया। टोरंटो के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में इस कार्यक्रम को ग्लोबल अफेयर्स कनाडा, और भारत के दो वाणिज्य एवं उद्योग मंडलों सीआईआई तथा एसोचैम ने मिल कर किया था। इस कार्यक्रम में उन्नत विनिर्माण, फार्मास्यूटिकल्स और जैव प्रौद्योगिकी, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और तेल एवं गैस सहित विभिन्न सेक्टरों के व्यवसायों, निवेशक समूहों और उद्योग संघों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इसके बाद श्री गोयल और कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के बीच अनौपचारिक बैठक हुई, जिसमें भारतीय वाणिज्य मंत्री ने भारत और कनाडा के बीच बढ़ते पूरक संबंधों पर प्रकाश डाला। इस बातचीत में श्री गोयल ने मजबूत सरकारी-उद्योग सहयोग द्वारा संचालित अधिक सुदृढ़ और पूर्वानुमानित व्यापारिक पारिस्थितिकी तंत्र के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। श्री सिद्धू ने घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कनाडा में अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति की सराहना की और इस वर्ष नवंबर में भारत के लिए टीम-कनाडा व्यापार मिशन की घोषणा की।इस मिशन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज, परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, डिजिटल अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए कनाडा के व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भारत आएंगे। इस बातचीत में दोनों पक्षों ने भारत और कनाडा ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने और वर्ष के अंत तक व्यापार आर्थिक सहयोग समझौता (सेपा) की बातचीत संपन्न करने के अपने साझा लक्ष्य की पुष्टि की। श्री गोयल और श्री सिद्धू ने सोमवार को ओटावा में औपचारिक बैठक की थी।

इस अनौपचारिक बैठक के बाद दोनों मंत्रियों की अध्यक्षता में कनाडा-भारत निवेश गोलमेज सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में कनाडा के प्रमुख वित्तीय निवेशकों, जिनमें पेंशन फंड और बैंक शामिल थे, के साथ-साथ भारत और कनाडा दोनों देशों के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्री गोयल ने हितधारकों को स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल बुनियादी ढांचे, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला विविधीकरण जैसे सेक्टरों में भारत के साथ साझेदारी करने के लिए आमंत्रित किया।

श्री गोयल ने बीमा, खाद्य प्रसंस्करण, बैंकिंग और महत्वपूर्ण खनिज प्रसंस्करण सहित विभिन्न सेक्टरों की प्रमुख कनाडाई कंपनियों और प्रमुख वित्तीय निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी कीं। इन चर्चाओं का केंद्र बिंदु भारत के प्रति कनाडा की कंपनियों की बढ़ती रुचि के विषय थे । कंपनियों ने भारत के व्यापक आर्थिक परिदृश्य, पिछले डेढ़ वर्षों में व्यापार समझौतों पर सरकार के नये दृष्टिकोण , भारत में उच्च वृद्धि वाले सेक्टरों में अवसर, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) क्षेत्र की प्रतिभाओं की उपलब्धता और इसके परिणामस्वरूप वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) का उदय, रणनीतिक निवेश को प्रोत्साहित करने वाली उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजनाएं और भारत के लगातार बेहतर होते नियामक वातावरण जैसे विषयों पर बातचीत की।

श्री गोयल ने हंबर बे पार्क स्थित कनिष्क स्मारक का दौरा किया, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की, पीड़ितों के परिवारों से बातचीत की और एयर इंडिया (एआई) 182 आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

दिन का समापन टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा ब्रैम्पटन के पियर्सन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक स्वागत समारोह के साथ हुआ। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कनाडा में भारतीय समुदाय की शक्ति और भारत-कनाडा व्यापार गलियारे को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय न केवल भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने में, बल्कि मजबूत सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामुदायिक भागीदारी और पूरे कनाडा में भारतीय व्यवसायों के विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

श्री गोयल भारत-कनाडा आर्थिक संबंधों के पूर्ण पुनरुद्धार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, 100 से अधिक भारतीय उद्योगपतियों सहित अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए कनाडा के दौरे पर हैं। ओटावा में 25 मई को महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई तीन दिवसीय यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाना है। श्री गोयल की इस इस यात्रा में भारत की ओर से द्विपक्षीय व्यापार समझौता (सेपा) के लिए चल रही वार्ता को गति देने पर विशेष बल दिया गया है।

 

 

Next Post

सडक़ निर्माण के दौरान फिर क्षतिग्रस्त हुई पानी लाइन, दिन भर पानी के लिए परेशान हुए नगरवासी

Wed May 27 , 2026
शाजापुर: भीषण गर्मी का सामना कर रहे नगरवासियों के लिए बुधवार का दिन मुसीबत बनकर आया. इस दिन लोगों को पूरे दिन नपा द्वारा किए जाने वाले जलप्रदाय के लिए इंतजार करना पड़ा. घंटों बाद सुधरी पाइप लाइन के बाद कहीं पर 6 घंटे तो कहीं पर 10 घंटों के […]

You May Like