इंदौर: धार जिले के बदनावर तहसील में पी.एम. मित्र पार्क के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास किया जा रहा है. इस कड़ी में मंगलवार को प्रभावित 89 परिवारों के 24 परिवारों को आवासीय कॉलोनी में पक्के मकान की चाबियां सौंपी गई. अभी तक एमपीआईडीसी ने 48 परिवारों का पुनर्वास कर दिया है. शेष परिवारों का पुनर्वास अगले तीन महीनों में करने का लक्ष्य रखा है.
एमपीआईडीसी धार जिले की बदनावर तहसील में पीएम मित्र पार्क योजना विकसित कर रहा है. उक्त योजना से करीब 89 परिवारों प्रभावित हुए हैं। उक्त परिवारों को एमपीआईडीसी द्वारा अन्य स्थान पर आवासीय कॉलोनी विकसित कर सर्वसुविधायुक्त पक्के मकान का निर्माण कर पुनर्वास किया जा रहा है. आज एमपीआईडीसी ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री की मौजूदगी में 24 परिवारों के समूह को नवीन आवासीय कॉलोनी में स्थानांतरित किया.
इसके पहले भी 24 परिवारों को कॉलोनी में पुनर्वास किया जा चुका है. साथ ही शेष 41 परिवारों का पुनर्वास आगामी 3 माह में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है. लगभग 17.49 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस पुनर्वास परियोजना के अंतर्गत नवीन कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल हेतु नल कनेक्शन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पक्की सड़कें, सुरक्षित एवं कवर परिसर, सीसीटीवी व्यवस्था, प्राथमिक शिक्षा केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बच्चों एवं परिवारों के लिए प्लै ग्राउण्ड एवं पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं.
