बस के नीचे आने से कंडक्टर की दर्दनाक मौत 

सीधी। बस के पहिए के नीचे आने से कंडक्टर की मौके पर ही आज दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त चालक बस को पीछे कर रहा था और कंडक्टर उसको साइड बताते हुए अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसा होते ही बस का चालक और क्लीनियर मौके पर से भाग खड़े हुए।

यह भीषण सडक़ हादसा जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमाई में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम करमाई के समीप दीपक बस को चालक द्वारा रिवर्स करते समय यह घटना हुई। दर्दनाक हादसे के मृतक अजीत सिंह उम्र 40 वर्ष इसी बस में कंडक्टर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करमाई गांव के पास मेडिकल कट पर एक यात्री को बस से उतरना था। बस तेज रफ्तार होने के कारण करीब 300 मीटर आगे जाकर रुकी, जिसके बाद चालक ने बस को मोडऩे के बजाय सीधे रिवर्स गियर में डाल दिया। साइड बताने के दौरान कंडक्टर अजीत सिंह बस के पीछे-पीछे चल रहा था। इसी दौरान अचानक अजीत सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह सडक़ पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस के पिछले दोनों पहिए उसके ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद बस चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बस में उस समय करीब 48 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इनका कहना है

प्रथम दृष्टया यह सडक़ दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

विशाल शर्मा, थाना प्रभारी मझौली

Next Post

जैन साध्वियों की मौत पर फूटा आक्रोश, निष्पक्ष जांच और ‘राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति’ की मांग

Mon May 25 , 2026
खंडवा। रीवा में दो दिगम्बर जैन आर्यिका माताजी की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मृत्यु के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में सोमवार को सकल जैन समाज खंडवा ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम तहसीलदार महेश सोलंकी और कोतवाली थाना प्रभारी […]

You May Like