नयी दिल्ली 24 मई (वार्ता) जनजातीय सुरक्षा मंच की ओर आयोजित जनजातीय संस्कृति समागम राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहास लाल किला मैदान में रविवार को सम्पन्न हुआ।
जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेशराम भगत की अध्यक्षता में आयोजित इस समागम को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। इस मौके पर मंच पर छत्तीसगढ के मुख्य मंत्री विष्णु देव साई, ओडिशा के मुख्य मंत्री मोहन चरण मांझी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित जनजातीय समाज के कई गणमान्य नेता मौजूद रहे।
श्री शाह ने अपने संबोधन में जनजातीय समाज को देश के विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को दोहराया। श्री शाह के अलावा जनजातीय नेताओं ने भी समागम को सम्बोधित किया।
पारम्परिक वेषभूषा पहने देश के कोने- कोने से आये जनजातीय समाज के लोग अजमेरी गेट चौक, रामलीला मैदान, राजघाट, श्री श्याम गिरी मंदिर तथा कुडेसिया पार्क कश्मीरी गेट पर एकत्र हुए और वहां से शोभायात्रा के रूप में नाचते- गाते लाल किला मैदान पहुंचे।
वरिष्ठ नेताओं के सम्बोधन से पहले लाल किला मैदान में लगे दो सांस्कृतिक धरोहर मंचों से विभिन्न राज्यों के जनजातीय समाज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जिसमें बच्चों का नृत्य विशेष आकर्षण का केन्द्र बना।
लाल किला मैदान में मुख्य मंच पर श्री शाह के साथ राष्ट्रीय जनजातीय सुरक्षा मंच के सह-संयोजक राजकिशोर हांसदा, वनवासी कल्याण आश्रम अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, उपाध्यक्ष तेची गविन के आलावा सर्वश्री हर्ष चौहान, शांताराम सिद्दी, प्रकाश उईके, हिरा कुमार नागू, बलवंत भाई रावत, महेश भागचंदका, श्रीमती कविता राउत तथा श्रीमती बुधरी ताती, कार्यक्रम संयोजक अतुल तथा श्री भगवान सहाय मौजूद रहे। जनजातीय कार्यकर्ता इन्द्र भगत, श्री बंशी कटारा और सुश्री नवनीता ढेका ने मंच संचालन किया।
