इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने हॉटस्पॉट एवं शेडो एरिया चेकिंग के दौरान अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल मय जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू बरामद किया है. बरामद हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 21 हजार रुपए बताई जा रही है.गिरफ्तार दोनों मामलों में आरोपी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए.
पुलिस को आशंका है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. पहले मामले में पुलिस ने सिरपुर तालाब क्षेत्र में घेराबंदी कर आसिफ उर्फ छोटा पठान उम्र 28 साल निवासी अम्मार नगर को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला. आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, अवैध हथियार, नशाखोरी और दुष्कर्म सहित कुल पांच मामले दर्ज हैं. प्रारंभिक पूछताछ में उसने हथियार मुंबई से खरीदने की बात कही है, जिस पर आगे रिमांड लेकर जांच की जा रही है.
दूसरी कार्रवाई में चंदन नगर चौराहा स्थित शुलभ कॉम्प्लेक्स के पास खाली मैदान से 19 वर्षीय अयान शेख को पकड़ा. उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ. आरोपी पर पहले से मारपीट के दो प्रकरण दर्ज हैं. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं और नशे की आदत व अवैध गतिविधियों में शामिल रहे हैं. इनके हथियारों की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क की जांच की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे हॉटस्पॉट एवं शेडो एरिया चेकिंग अभियान के तहत की गई.
