आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दर्ज कराया मानहानि का मामला

नयी दिल्ली, (वार्ता) राजधानी दिल्ली की राउज एवेन्यू में बनी विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने प्रदेश सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा की आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मानहानि की एक शिकायत को शुक्रवार को स्वीकार कर लिया।,

यह मामला अपर मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) पारस दलाल के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था। अदालत ने शिकायतकर्ता श्री वर्मा को समन-पूर्व साक्ष्य दर्ज कराने के लिए आगामी 9 और 11 जून की तारीखें दी हैं।

श्री वर्मा के वकील प्रवीण कुमार के अनुसार, यह मामला श्री भारद्वाज की सोशल मीडिया पर डाली गई कुछ पोस्ट के बाद दर्ज कराया गया। इनमें श्री भारद्वाज ने ‘एस.एस. मोटा सिंह स्कूल ट्रस्ट’ में श्री वर्मा की भूमिका होने के आरोप लगाए थे। श्री भारद्वाज ने गत 15 और 16 मई को आरोप लगाया कि श्री वर्मा ने मंत्री के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने एक कथित सहयोगी को एक निजी स्कूल के ट्रस्ट में बतौर ट्रस्टी नियुक्त किया है। ट्रस्ट के पास लगभग 500 करोड़ रुपये की संपत्ति है और यह श्री वर्मा का है।

इसके अलावा, अपने संदेशों में श्री भारद्वाज ने यह भी संकेत दिया कि श्री वर्मा ने ट्रस्ट के स्कूल के उन कर्मचारियों के पक्ष में अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया, जो पॉक्सो मामले में आरोपी हैं। गौरतलब है कि एक छात्रा के माता-पिता की शिकायत पर इस स्कूल के कर्मचारियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

मंत्री वर्मा ने इन आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ‘आप’ नेता भारद्वाज को एक कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उनसे अपने ट्वीट वापस लेने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा गया लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद न तो ट्वीट वापस लिए गए और न ही कोई माफी मांगी गई।

इसके बाद श्री वर्मा ने अदालत का रूख किया।

Next Post

सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 55 रनों से हराया

Sat May 23 , 2026
हैदराबाद, (वार्ता) इशान किशन (79), अभिषेक शर्मा ( 56) और हाइनरिक क्लासन (51) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। इस मैच में […]

You May Like