अमेरिका-इरान युद्ध पर चर्चा के लिए पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ईरान रवाना

इस्लामाबाद, 22 मई (वार्ता) पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) और थल सेनाध्यक्ष, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को इरान के आधिकारिक दौरे पर रवाना हो गए। क्षेत्र में नए सिरे से संघर्ष की आशंकाओं के बीच इस्लामाबाद ने अमेरिका और इरान के बीच मध्यस्थता के अपने प्रयासों को तेज़ कर दिया है।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, मुनीर वरिष्ठ इरानी अधिकारियों के साथ बैठकों के दौरान अमेरिका-इरान वार्ता, क्षेत्रीय शांति और व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा के विषय पर चर्चा करेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब 28 फरवरी को इरान के खिलाफ शुरू हुए संयुक्त अमेरिका-इजराइल युद्ध के बाद से पाकिस्तान खुद को वाशिंगटन और तेहरान के बीच मुख्य मध्यस्थ के रूप में स्थापित कर रहा है।

इस्लामाबाद की भूमिका को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करते हुए, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा भी है कि वाशिंगटन, मुनीर और पाकिस्तान के नेतृत्व के साथ “लगातार संपर्क” में है। फॉक्स न्यूज के अनुसार, स्वीडन में संवाददाताओं से बात करते हुए श्री रुबियो ने कहा, “इस मामले पर प्राथमिक वार्ताकार पाकिस्तान रहा है और आगे भी रहेगा, और उन्होंने एक सराहनीय काम किया है।” उन्होंने आगे कहा कि हालांकि अमेरिका अन्य क्षेत्रीय देशों के संपर्क में भी है, लेकिन इरान के साथ राजनयिक संपर्क बढ़ाने के लिए पाकिस्तान मुख्य माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है।

इरान और अमेरिका-इजराइल गठबंधन के बीच हफ्तों तक चले बढ़ते टकराव के बाद, पाकिस्तान ने 8 अप्रैल को प्रभावी हुए युद्धविराम की मध्यस्थता की थी। इसके बाद 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में वर्षों बाद पहली बार प्रत्यक्ष अमेरिका-इरान वार्ता आयोजित की गई थी, लेकिन यह चर्चा बिना किसी बड़ी सफलता के समाप्त हो गई थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बाद में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जारेड कुशनर की भागीदारी वाली इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता की योजनाओं को रद्द कर दिया था, हालांकि उन्होंने मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर युद्धविराम को अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दिया था। पाकिस्तान ने तब से वार्ता को पुनर्जीवित करने के प्रयास में अपनी ‘शटल डिप्लोमेसी’ (अप्रत्यक्ष मध्यस्थता वार्ताओं) को तेज कर दिया है।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एक हफ्ते के भीतर दो बार तेहरान की यात्रा की, जहां उन्होंने इरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अधिकारियों और विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, तनाव कम करने के उद्देश्य से जारी मध्यस्थता प्रयासों के तहत पाकिस्तान के सीडीएफ ने खुद पिछले महीने नकवी के साथ इरान का दौरा किया था।

 

 

 

 

You May Like