
ग्वालियर। बहन को लेकर बाइक से घर जा रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के सबरी माता मंदिर के पास हुई। इस घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक का शव पीएम पहुंचाने के साथ ही घायल बहन को उपचार के लिए भर्ती कराया है। आरोन थाना क्षेत्र के किशनपुरा निवासी 24 वर्षीय गिर्राज बंजारा पुत्र गंभीरा बंजारा अपनी बहन अंजली उर्फ सुमन को बाइक पर लेकर घाटीगांव से अपने घर किशनपुरा लौट रहा था। दोनों भाई-बहन जैसे ही घाटीगांव थाना क्षेत्र में स्थित सबरी माता मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिरराज की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसकी बहन अंजली बाइक से दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तुरंत घाटीगांव थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अंजली को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
