नयी दिल्ली, 21 मई (वार्ता) सरकारी क्षेत्र की इस्पात विनिर्माता स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई) और गुरुग्राम के प्रबंध शिक्षा संस्थान मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमआईडी) ने एक करार पर हस्ताक्षर किये हैं जिसके अंतर्गत दोनों संस्थान सेल के युवा प्रबंधकों के लिए मिल कर शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएंगे। कंपनी की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर राजधानी में सेल के मुख्यालय पर बुधवार को हस्ताक्षर किये गये। इससे कंपनी के कार्यकारियों के प्रशिक्षण की लागत कम होने का अनुमान है।
इस कार्यक्रम में कंपनी की आवश्यकताओं के अनुकूल विशेष रूप से तैयार प्रबंधन एवं नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम, रणनीति और नवाचार पर आधारित शिक्षण पाठ्यक्रम, मापने योग्य व्यावसायिक प्रभाव के लिए ‘कार्यात्मक शिक्षा ‘, विदेश में जा कर सीखने पढ़ने के कार्यक्रम, संयुक्त अनुसंधान एवं परामर्श और कंपनी के अधिकारियों की जरूरतों के हिसाब से तैयार किए गए केस स्टडीज़ शामिल होंगे।
सेल ने कहा है कि इस सहयोग का मुख्य उद्देश्य ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिसेज के साथ तालमेल बिठाते हुए संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करना है। इस समझौता ज्ञापन पर सेल के एमटीआई के कार्यपालक निदेशक (एचआर-एल एंड डी) संजय धर और एमडीआई (एमडीआई), गुड़गांव की प्रोफेसर सुमिता राय (डीन– उद्योग संपर्क) ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सेल के निदेशक (कार्मिक) के. के. सिंह और सेल तथा एमडीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

