सीहोर। नपा परिषद की सामान्य परिषद सम्मेलन बैठक में शहर के समग्र विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. परिषद द्वारा करोड़ों रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है.
बैठक में सड़क निर्माण, घाट विकास, नाला निर्माण, विद्युत व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाना है. साथ ही उन्होंने घोषणा की कि बाल विहार मैदान को दादा शिवलाल सिंह चौहान के नाम से नई पहचान दी जाएगी.
बैठक में वार्ड क्रमांक 28 स्थित सीवन नदी घाट के विकास कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई. इसके अलावा भोपाल नाका क्षेत्र में डामरीकरण, फुटपाथ निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी मंजूरी दी गई. परिषद ने शासकीय स्कूल से लुनिया चौराहा तक सीसी सड़क और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए विस्तृत योजना तैयार करने पर सहमति जताई. शहर की विभिन्न सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये के प्रस्ताव पारित किए गए.
परिषद सम्मेलन में एमपीबी चौराहे पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव भी पारित किया गया. वहीं भोपाल नाका से सी टू नाले तक नाला निर्माण और उसके सौंदर्यीकरण कार्य को भी हरी झंडी दी गई. बैठक में सेकड़ा खेड़ी स्थित शहीद स्मारक स्थल को नगर पालिका परिषद के अधीन लेने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सदस्यों ने सहमति व्यक्त की. शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यूनिपोल लगाने संबंधी प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद केवल निर्माण कार्य कराने तक सीमित नहीं रहेगी. बल्कि शहर को एक व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना लक्ष्य है.
