सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत भरहुत नगर में मंगलवार-बुधवार देर रात एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर चोरी की बड़ी वारदात हुई। बदमाशों ने सीए पंकज डागा के आवास से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर और 25 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज डागा का परिवार मायके गया हुआ था।
घर में वह अपनी वृद्ध मां के साथ अकेले थे। बुधवार रात लगभग 11 बजे तक पंकज अपने कमरे में थे, लेकिन मां की तबीयत खराब होने के कारण वह उनके कमरे में ही सो गए। बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने कमरे में पहुंचे, तो अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने के जेवर व नकदी गायब थे।
बताया गया कि चोर देर रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर घर के सामने की बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के पीछे लगी खिड़की की जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर 6 संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। फुटेज में सभी आरोपी देर रात घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।आशंका जताई गई कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी और परिवार के बाहर होने की जानकारी होने पर ही इस घटना को अंजाम दिया।
जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
