आष्टा। शहर में एक शराब के नशे में धुत आयशर ट्रक चालक ने जमकर आतंक मचा दिया. तेज रफ्तार ट्रक ने पहले कन्नौद रोड पर एक बाइक सवार को टक्कर मारी, इसके बाद पुराने भोपाल-इंदौर हाईवे पर एक कार और दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया. लगातार हो रही टक्करों से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. घटना के बाद चालक ट्रक से कूदकर फरार हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद क्लीनर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 15 इंदिरा कॉलोनी निवासी चालक मनोज मालवीय अपने भाई सुनील मालवीय के साथ ट्रक चला रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे और ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी. स्थानीय लोगों ने वाहन रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक ने किसी की नहीं सुनी और तेज गति से वाहन दौड़ाता रहा.
पहले कन्नौद रोड पर एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ट्रक पुराने भोपाल-इंदौर हाईवे की ओर बढ़ा, जहां दरगाह के समीप उसने एक कार और दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी. हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को चोटें आईं. टक्कर का शिकार हुई कार में पूर्व पार्षद इदरीश मंसूरी अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ भोपाल से आष्टा लौट रहे थे. हादसे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह तेज रफ्तार ट्रक सामने से आया, उससे पहली बार मौत को इतने करीब से महसूस किया. उन्होंने बताया कि घटना में उन्हें चोटें आई हैं और कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
घटना के बाद चालक मनोज मालवीय ट्रक से कूदकर मौके से फरार हो गया. वहीं उसके भाई और क्लीनर सुनील मालवीय को आक्रोशित लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे भी चोटें आई हैं. सूचना मिलने पर टीआई गिरीश दुबे बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक मनोज मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
