
इंदौर। दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित तीन दिवसीय चक्काजाम का असर शहर में दिखने लगा है. शहर के ट्रांसपोर्टरों ने 21 से 23 मई के बीच दिल्ली के लिए ट्रकों की बुकिंग और लोडिंग बंद करने का फैसला लिया है. ट्रांसपोर्ट संगठनों ने वाहन मालिकों और चालकों को इन दिनों दिल्ली रूट पर माल परिवहन नहीं करने की सलाह दी है.
इंदौर ट्रक ऑपरेटर एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अनुसार ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर यह देशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है. दिल्ली एनसीआर में व्यावसायिक वाहनों पर बढ़ाए गए ग्रीन टैक्स, पुराने वाहनों के प्रवेश पर रोक और लगातार बढ़ती परिवहन लागत के विरोध में ट्रांसपोर्टर लामबंद हुए हैं. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के दौरान दिल्ली एनसीआर बॉर्डर पर वाहनों की एंट्री प्रभावित हो सकती है, जिससे ट्रकों के फंसने की स्थिति बन सकती है. इसी को देखते हुए इंदौर के ट्रांसपोर्टरों ने पहले ही बुकिंग रोकने और रूट प्लानिंग में बदलाव करने का निर्णय लिया है. ट्रांसपोर्ट संगठनों ने स्पष्ट किया है कि तीनों दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लिए किसी भी प्रकार की लोडिंग नहीं की जाएगी. साथ ही ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी गई है कि वे पहले से तय बुकिंग को आगे बढ़ाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. संघ के मुताबिक बढ़ती लागत और नए नियमों के कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते देशभर में यह विरोध किया जा रहा है. इंदौर में भी इसका असर साफ नजर आ रहा है और अधिकांश ट्रांसपोर्टर इस आंदोलन के समर्थन में शामिल हो रहे हैं.
