नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) वस्त्र मंत्रालय ने आगामी जुलाई में यहां होने वाले वैश्विक वस्त्र आयोजन ‘भारत टेक्स 2026’ के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसके जरिए प्रतिभागियों, खरीदारों, प्रदर्शकों और आगंतुकों को आयोजन संबंधी जानकारी, प्रदर्शक खोज, बी2बी बैठकें, डिजिटल बैज, लीड कैप्चर तथा एआई आधारित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वस्त्र मंत्रालय में सचिव नीलम शमी राव ने बुधवार को यहां ‘भारत टेक्स 2026’ इवेंट ऐप लॉन्च करते हुए बताया कि यह ऐप पंजीकृत प्रतिभागियों को प्रदर्शकों की खोज, बैठकें तय करने, आयोजन स्थल पर मार्गदर्शन प्राप्त करने, ज्ञान सत्रों तक पहुंच बनाने तथा वास्तविक समय में अपडेट हासिल करने में मदद करेगा। ऐप में एआई स्मार्ट असिस्टेंट भी होगा, जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता कार्यक्रम-सारणी, दिशा-निर्देश और आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ऐप में नेटवर्किंग और मीटिंग मॉड्यूल,क्यूआर आधारित लीड कैप्चर तथा डिजिटल बैज स्कैनिंग जैसी सुविधाएं हैं जिनसे प्रतिभागी आयोजन के दौरान और बाद में भी व्यावसायिक संपर्क बनाये रख सकेंगे। इस ऐप में भारत मंडपम में फ्लोर प्लान, बूथ और स्टॉल स्तर तक दिशा-निर्देश की सुविधा भी उपलब्ध होगी। गौरतलब है कि ‘भारत टेक्स 2026’ का आयोजन 14 से 17 जुलाई तक यहां भारत मंडपम में किया जाएगा, जिसमें 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है।

