नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को पारले की मेलोडी टॉफी उपहार में देने के बाद अब देश में इस पर राजनीति शुरू हो गयी है। सुश्री मेलोनी पिछले कुछ समय से जब भी श्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती हैं तो वह इसके साथ हैशटैग “मेलोडी” लगाती हैं जो दोनों नेताओं के नामों को मिलाकर बना है। उन्होंने पहली बार 01 दिसंबर 2023 के एक पोस्ट में इस हैशटैग का इस्तेमाल किया था। इस समय चार अन्य देशों के साथ इटली की यात्रा पर गये श्री मोदी ने इसे हल्का-फुल्का रंग देते हुए उन्हें पारले कंपनी की मेलोडी टॉफी उपहार में दी है जिसका वीडियो इटली की प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वैसे, खास बात यह है कि इस वीडियो के साथ उन्होंने “मेलोडी” हैशटैग नहीं लगाया है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जहां इसे “नौटंकी” करार दिया है, वहीं केंद्रीय मंत्रियों ने इसे “टॉफी की कूटनीति” और ‘मेड इन इंडिया’ को प्रोत्साहन देने वाला कदम बताया है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आर्थिक तूफान सिर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं – पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।” कांग्रेस नेता को जवाब देते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा कि भारत आज ‘मेड इन इंडिया’ और ‘लोकल गोज ग्लोबल’ के माध्यम से दुनिया का भरोसेमंद निवेश गंतव्य बना हुआ है, लेकिन कांग्रेस को हर भारतीय उपलब्धि में समस्या ही दिखाई देती है।
श्री गोयल ने कहा कि जिस वैश्विक सम्मान, निवेश और भरोसे के लिए देश दशकों तक इंतजार करता रहा, वही श्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत अर्जित कर रहा है तो यह कांग्रेस नेता से सहन नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल किया, “राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों है?”
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सुश्री मेलोनी के वीडियो को साझा करते हुए इसे “भारत की मिठास और कूटनीति की गरमाहट!!” शीर्षक दिया है। उन्होंने लिखा, “प्रतिष्ठित “मेलोडी” टॉफ़ी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को सोच-समझकर उपहार में देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल ने इसे दोस्ती और मुस्कानों के यादगार पल में बदल दिया।” उन्होंने वीडियो पर “टॉफी डिप्लोमेसी” (टॉफी की कूटनीति) भी लिखा है।

