इंदौर: उज्जैन जीआरपी की तत्परता से अवंतिका एक्सप्रेस में छूटा यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सौंप दिया गया. बैग में लैपटॉप, नकदी और जरूरी दस्तावेज थे.
रेल यात्री दीपक अग्रवाल उम्र 37 साल निवासी मुंबई, ट्रेन नंबर 12961 अवंतिका सुपरफास्ट एक्सप्रेस से मुंबई से इंदौर आ रहे थे. नागदा स्टेशन पर कॉफी लेने के लिए उतरने के दौरान ट्रेन चल पड़ी और उनका बैग कोच में ही छूट गया.
घटना के बाद यात्री ने तुरंत जीआरपी उज्जैन को सूचना दी. सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक नवीन जायसवाल और हेमंत कुमार ने उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले तैयारी कर कोच एच-01 में सर्चिंग की. तलाशी के दौरान मास्को कंपनी का बैग सुरक्षित मिला, जिसमें करीब 50 हजार रुपए कीमत का लैपटॉप, चार्जर, 840 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे. जीआरपी ने पूरा सामान सुरक्षित थाना लाकर यात्री के सुपुर्द कर दिया. सामान वापस मिलने पर यात्री ने पुलिस की ईमानदारी और तुरंत कार्रवाई की सराहना की.
