इंदौर:तिलक नगर पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टा आईडी बेचकर कमीशन कमा रहा था.जोन- 2 पुलिस के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलक नगर पुलिस को यह सफलता मिली. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने स्कीम नंबर 140 स्थित खाली मैदान के पास दबिश दी, जहां एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था. पुलिस ने मौके से राकेश सागर उम्र 46 साल निवासी शालीमार पाम्स को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले एक महीने से आईपीएल मैचों पर सट्टा खेलाने के साथ आईडी बेचकर कमीशन ले रहा था.
जांच में आरोपी के पास से गूगल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया. मोबाइल की जांच में सट्टा संचालन से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट और गेम की लिंक मिली, जिससे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है. साथ ही मोबाइल और सिम कार्ड जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है
