मौसम का सबसे गर्म सोमवार, 44.8 डिग्री पहुंचा पारा 

सतना : मौसम विभाग द्वारा जताई गई संभावना के अनुसार एक ओर जहां दिन के तापमान में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की जाने लगी वहीं दूसरी ओर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. आलम यह रहा कि सोमवार को बढ़ता हुआ तापमान 45 डिग्री छूने को बेताब नजर आने लगा. जिसके चलते यह इस मौसम का सबसे अधिक गर्म दिन साबित हुआ.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि विंध्य में सबसे अधिक रहा.

इतना ही नहीं बल्कि दिन  के अधिकतम तापमान में एक ओर जहां पिछले 24 घंटे में 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया. वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में भी ढाई डिग्री अधिक आंका गया. हलांकि रविवार की शाम ढलते ही मौसम में काफी नरमी बनी हुई थी. जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1.7 डिग्री की कमी दर्ज हुई और यह 27.8 डिग्री आंका गया. लेकिन सोमवार की सुबह होते ही सूर्यदेव ने आग उगलनी शुरु कर दी थी. आलम यह रहा कि सुबह के 10 बजते-बजते गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे.

वहीं धूप चढऩे के साथ हालात और भी खराब होते चले गए. दोपहर बाद समूचा शहर गर्म तवे की तरह तपने लगा. रही सही कसर हवा में तेजी से घटती हुई नमी ने भी पूरी कर दी. मौसम कार्यालय के अनुसार सोमवार की सुबह हवा में नमी की मात्रा जहां 28 प्रतिशत तक थी. वहीं दिन भर चली गर्म हवाओं के चलते शाम होते होते यह घटकर 18 फीसदी पर पहुंच गई. जिसका नतीजा यह हुआ कि देर शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को बुरी तरह झुलसाते रहे. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है. हलांकि तापमान में एकाएक बढ़ोत्तरी की वजह से स्थानीय प्रभाव की सक्रियता के चलते कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. लेकिन इसके बावजूद भी गर्मी का असर बना रहेगा.

Next Post

महिला स्टाफ पर गर्भवती महिला से अभद्रता के आरोप

Tue May 19 , 2026
सतना: जिला चिकित्सालय में एक गर्भवती महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तैनात स्टाफ पर आरोप लगाया है कि उन्हें लंबे समय तक लाइन में खड़ा रखा गया, जबकि कर्मचारियों के परिचित लोगों की पर्चियां बिना इंतजार सीधे बनाई जाती […]

You May Like