बेंगलुरु,18 मई (वार्ता) कर्नाटक स्टेट दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 5वें नेशनल फिजिकल डिसएबिलिटी एलीट नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ कर्नाटक की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं उत्साहपूर्ण माहौल के बीच भव्य रूप से किया गया। देशभर की शीर्ष टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। इस अवसर पर डीसीसीआई सचिव रविकांत चौहान ने कहा कि डीसीसीआई लगातार 24 टीमों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है, लेकिन इस वर्ष प्रतियोगिता को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से शीर्ष 12 टीमों के साथ एलीट टूर्नामेंट आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य 12 टीमों के लिए प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करना है।
उन्होंने आगे कहा कि संस्था लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु संस्था द्वारा “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार के रूप में कार एवं स्कूटी तक प्रदान की गई है। डीसीसीआई का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके खेल स्तर को लगातार बेहतर बनाना है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी हर आवश्यकता का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। समारोह के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया तथा खेल भावना, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, सहयोगियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की कामना की।

