राज्यपाल मंगूभाई पटेल 21 को सौसर में, विशेष कार्यक्रम में होंगे शामिल

सौसर। प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल आगामी 21 मई गुरुवार को पांढुरना जिले के सौसर विकास खंड के प्रवास पर रहेंगे। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यपाल सौसर जनपद की ग्राम पंचायत आमला में आयोजित होने वाले एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। नए जिले के गठन के बाद उनका का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सिकलसेल एनीमिया कैंप का जायजा और हितग्राहियों से संवाद

तय कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल ग्राम पंचायत आमला में सिकलसेल एनीमिया एवं एनसीडी (गैर-संचारी रोग) की जांच के लिए लगाए जा रहे विशाल हेल्थ कैंप का सूक्ष्मता से अवलोकन करेंगे। वे वहां उपस्थित डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेंगे। इसके उपरांत, पटेल प्रदेश व केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद भी करेंगे और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे।

गुरुवार सुबह 11 बजे आगमन, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

राज्यपाल का गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे आमला पहुंचने का संभावित कार्यक्रम है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं किया गया है, लेकिन महामहिम के आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण और अन्य तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी सिलसिले में आज सोमवार को सौसर में प्रशासनिक अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके पूर्व टल गया था दौरा

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी राज्यपाल मंगूभाई पटेल का बीती 29 जनवरी को सौसर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका वह दौरा टल गया था। बहरहाल उनके आगमन को लेकर क्षेत्र प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।

Next Post

दिल्ली करेगी वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप की मेजबानी

Mon May 18 , 2026
मंबई, 18 मई (वार्ता) दिल्ली 26 अक्टूबर से सात नवंबर तक लीला एंबियंस कन्वेंशन होटल में 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगी। आज यहां इंडियन आर्मरेसलिंग ने इसकी घोषणा की है। इस मशहूर चैंपियनशिप में 75 से ज़्यादा देशों और दुनिया भर के 2000 […]

You May Like