कोलकाता, 18 मई (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केरल के मुख्यमंत्री बनने पर को वीडी सतीशन को सोमवार को बधाई दी और नयी सरकार की सफलता की कामना की।
सुश्री बनर्जी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर साझा किए संदेश में कहा, “मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) सरकार को आज केरल में शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई। केरल की जनता की सेवा में नयी सरकार की शानदार सफलता की कामना करती हूँ।”
श्री सतीशन ने आज केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिससे 10 साल बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार की सत्ता में वापसी हुई है। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में देश के शीर्ष नेता और राज्यों के मंत्री शामिल हुए।
सुश्री बनर्जी का यह बधाई संदेश हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों अपनी पार्टी की हार के बाद, भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों की तरफ उनके झुकाव के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है।
पिछले पखवाड़े सुश्री बनर्जी ने बयान दिया था कि ‘दुश्मन का दुश्मन मेरा दोस्त होता है, हमारा पहला दुश्मन भाजपा है।’ उनका यह कदम साफ तौर पर इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने के लिए एक रणनीतिक और सुलह भरा प्रस्ताव माना जा रहा है।
