
अमेठी, 18 मई (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 और 20 मई को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली और अमेठी पहुंचेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ कार्यकर्ताओं, महिलाओं और आम नागरिकों से संवाद करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने सोमवार को बताया कि श्री गांधी अपने दौरे के तहत 19 मई को दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे रायबरेली के ठकुराइन के पुरवा पहुंचकर बारात घर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी दोपहर दो बजे रायबरेली के खीरो क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद वह शाम चार बजे महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके उपरांत उनका काफिला लालगंज के लिए रवाना होगा, जहां वह एक नवनिर्मित सड़क मार्ग का उद्घाटन करेंगे। श्री गांधी रायबरेली स्थित भुयेमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 20 मई को श्री गांधी सुबह 10 बजे भुयेमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर आम नागरिकों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद वह राही ब्लॉक के लोधवरिया गांव में मीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मीरा पासी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी अमेठी के लिए रवाना होंगे। अमेठी में वह गौरीगंज बाईपास स्थित तेजी का पुरवा में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे और आगामी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। कार्यकर्ता बैठक के बाद राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत नेता योगेंद्र मिश्रा के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। योगेंद्र मिश्रा कांग्रेस और गांधी परिवार के करीबी नेताओं में माने जाते थे। हाल ही में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी अमेठी स्थित संजय गांधी अस्पताल का भी निरीक्षण करेंगे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 20 मई को शाम चार बजे लखनऊ के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
