सब्जियों के नीचे डोडाचूरा, साड़ियों में गांजा, मप्र पुलिस ने ध्वस्त किया तस्करी का बड़ा नेटवर्क

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान तेज करते हुए पिछले दो दिनों में पांच जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। मंदसौर, उमरिया, कटनी, मैहर और सागर जिलों में संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गांजा और डोडाचूरा जब्त किया गया। तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

उमरिया जिले की अमरपुर चौकी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी के दौरान 62 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई गई है।

सबसे बड़ी कार्रवाई मंदसौर जिले में हुई, जहां गरोठ पुलिस ने एक पिकअप वाहन में सब्जियों के नीचे छिपाकर रखे गए 324 किलो डोडाचूरा को जब्त किया। इस मामले में वाहन और मोबाइल फोन समेत करीब 16.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कटनी पुलिस ने साड़ियों की पैकिंग में छिपाकर ले जाया जा रहा 15 किलो से अधिक गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं मैहर में “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत 21 किलो से अधिक गांजा जब्त कर दो लोगों को पकड़ा गया।

सागर जिले में भी पुलिस ने 4 किलो से अधिक गांजा और एक ऑटो वाहन जब्त करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Post

स्टे की बाधा के बीच एलिवेटेड ब्रिज के भूमि पूजन की तैयारी

Mon May 18 , 2026
उज्जैन: सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में प्रस्तावित दो एलिवेटेड ब्रिजों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. उच्च न्यायालय में मामला लंबित होने और स्थगन आदेश लागू होने के बावजूद अधिकारियों ने भूमि पूजन की प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं.अब जैसे ही […]

You May Like