सीहोर। नगर की बेटी महक कौशल द्वारा सीबीएसई 12 वीं परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है. इस उपलब्धि पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने राजू कौशल राजू रतलामी के निवास पर बिटिया महक कौशल को सम्मानित किया तथा शुभकामनाएं दीं.
इस मौके पर नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं. महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है और युवा पीढ़ी की सफलता से ही देश एवं समाज का भविष्य सुरक्षित होता है. उन्होंने कहा कि नगर की प्रतिभाशाली बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने महक कौशल के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, संस्कार और सतत मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महक भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित कर परिवार, समाज एवं नगर का नाम प्रदेश और देशभर में गौरवान्वित करेंगी.
