
सीहोर। रविवार की दोपहर बस स्टैंड के समीप सिंधी धर्मशाला के सामने तेज रफ्तार से आ रही कार ने बाइक चालक को चपेट में ले लिया. इसके बाद भी कार नहीं रुकी और जायसवाल हास्पिटल तक बाइक व युवक उसके साथ घिसटते चले गए. लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन कार चालक ने उन्हें भी रौंदने का प्रयास किया और फिर कार सहित भागने में कामयाब हो गया. हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया है. कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंतर्गत अंबेडकर पार्क निवासी युवक आदित्य आ. हरीप्रसाद रविवार की दोपहर बाइक से बस स्टैंड की ओर जा रहा था. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई कार क्रमांक एमपी 09 एटी- 5339 के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक कार में उलझ गई और बाइक व चालक उसमें फंसे हुए घिसटते चले गए. आसपास मौजूद लोगों ने आवाज देकर कार चालक को रोकना चाहा, लेकिन तेज रफ्तार में वह जायसवाल अस्पताल तक पहुंच गया. पीछ करते हुए लोग जब वहां पहुंचे तो उसने कार को रिवर्स लेते हुए लोगों को कुचलने का प्रयास किया और फिर वहां से कार सहित भाग निकलने में कामयाब हो गया. हालांकि इस दौरान उसकी कार का बम्पर और नम्बर प्लेट टूटकर मौके पर ही गिर पड़े थे. लोगों द्वारा पुलिस को सूचना देते हुए घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया है. मामले में थाना प्रभारी रविन्द्र यादव ने बताया कि घायल युवक की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शी गुलशन जैन ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में लग रहा था. जब लोगों ने उसका पीछा किया तो उसने गाड़ी रिवर्स लेते हुए लोगों को कुचलने का प्रयास किया था.
